मध्यप्रदेश

CM बोले- प्रियंका गांधी को झूठ बोलना शोभा नहीं देता:वीडी शर्मा ने कहा- वे घोटालों की लिस्ट ढूंढ रही थीं, नहीं मिली, क्योंकि दिग्विजय पीछे थे

CM said- It does not suit Priyanka Gandhi to lie: VD Sharma said- She was looking for the list of scams, could not find it, because Digvijay was behind

ग्वालियर दौरे पर आईं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बयानों पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को कहा कि उन्हें झूठ बोलना शोभा नहीं देता। इतना झूठ नहीं बोलना चाहिए कि पचे नहीं।

BJP के प्रदेशधाक्ष वीडी शर्मा ने कहा, वे कल घोटालों की लिस्ट ढूंढ रही थीं। लिस्ट नहीं मिली, क्योंकि दिग्विजय सिंह को उन्होंने पीछे कर रखा था। कांग्रेस के घोटालों की लाइन लग जाती।

प्रियंका गांधी शुक्रवार को ग्वालियर-चंबल अंचल में पहली बार आईं। उन्होंने शिवराज सरकार पर निशाने साधे। पटवारी भर्ती को घोटाला कहा। मंच से प्रदेश सरकार की घोटालों की लिस्ट भी सार्वजनिक करने की बात कही। हालांकि, बाद में उन्हें यह कहते हुए टाल दिया कि लिस्ट अभी मिल नहीं रही है।

CM शिवराज ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भोपाल के स्मार्ट पार्क में 21 साल से 23 साल की उम्र की 21 महिलाओं के साथ पौधे रोपे। उन्होंने कहा, अब से 21 से 23 साल की बहनें भी लाड़ली बहना योजना के लिए पात्र होंगी। फॉर्म 25 जुलाई से भरे जाएंगे। ऐसी महिलाएं, जिनके पास 5 एकड़ जमीन है और ट्रैक्टर है, वे भी अब पात्र होंगी।

मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी के लिए कहा, ‘वे पूछ रही हैं कि 18 साल में क्या हुआ? मैं बताता हूं कि पहले सड़क में गड्ढे थे, बिजली आती नहीं थी। 3 साल में 27 नौकरी की बात प्रियंका कर रही हैं। सच यह है कि MP में 1 साल में 55000 नौकरियां दी गईं। भर्ती करो तो कांग्रेस को दिक्कत, न करो तो दिक्कत। कांग्रेस हर काम में सवाल उठाती है। कांग्रेस ने तो योजनाओं को बंद करने का काम किया था। झूठ सुनकर आश्चर्य होता है।’

CM ने कहा, ’10 अगस्त को रीवा से लाड़ली बहना योजना की राशि प्रदेश के सभी बहनों के बैंक खाते में डालने के लिए कार्यक्रम होगा।’

वीडी शर्मा बोले, प्रियंका की 6 गारंटी भ्रमजाल

भोपाल में BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा प्रियंका ने कहा, 15 महीने की कमलनाथ सरकार में वल्लभ भवन दलाली का अड्डा था। कल भी कांग्रेस के मंच पर परिवारवाद दिखाई दिया। दिग्विजय सिंह मंच के पीछे थे और नकुल नाथ कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री बता रहे थे। प्रियंका को घोटालों की लिस्ट नहीं मिली, क्योंकि BJP ने बीमारू राज्य से मध्यप्रदेश को विकसित राज्य बनाया है।

प्रियंका गांधी के ग्वालियर में लोगों को 6 गारंटी देने पर शर्मा ने कहा, यह भ्रमजाल फैलाने का प्रयास है। कांग्रेस अब एक परिवार तक ही सिमट कर रह गई है, इसलिए उसे बचाने के लिए प्रियंका गांधी, राहुल गांधी निकले हैं।

लाड़ली बहना 2.0 के लिए ​​​​​​25 जुलाई से दोबारा आवेदन

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना 2.0 को कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद 25 जुलाई से दोबारा आवेदन भरने शुरू होंगे। इसके लिए एज लिमिट 23 से घटाकर 21 कर दी गई है। पहले यह 23 से 60 साल की महिलाओं के लिए थी। ट्रैक्टर वाले परिवारों की महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। सभी पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सितंबर से पैसे आने शुरू हो जाएंगे। इससे अब 18 लाख और महिलाओं को लाभ मिलेगा। अभी 1.25 करोड़ महिलाओं को लाभ दिया जा रहा है।

शेड्यूल जारी

लाड़ली बहना योजना में पात्रता की उम्र में संशोधन के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग ने आवेदन का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस बार लाड़ली बहना पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। प्रमुख सचिव दीपाली रस्तोगी ने सभी जिलों के कलेक्टर को निर्देश दिए हैं कि पात्र हितग्राहियों के व्यवस्थित तरीके से आवेदन कराएं। शहरी क्षेत्रों में वार्ड और ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम पंचायत स्तर पर 1 से 3 सितंबर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वीकृति पत्र बांटे जाएंगे।

नई व्यवस्था की महत्वपूर्ण तारीखें

  • नवीन हितग्राहियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की तारीख: 25 जुलाई 2023 से शुरू
  • ऑनलाइन आवेदन पंजीयन करने की अंतिम तारीख: 20 अगस्त 2023 तक
  • अंतिम सूची जारी करने की तिथि: 21 अगस्त 2023
  • अंतिम सूची पर दावे आपत्ति: 21 से 25 अगस्त 2023 तक
  • दावे-आपत्तियों पर जांच और निराकरण की तिथि: 26 से 29 अगस्त, 2023
  • अंतिम सूची जारी करने की तारीख: 31 अगस्त 2023
  • स्वीकृति पत्रों का वितरण: 1 सितंबर से 3 सितंबर, 2023 तक
  • राशि का वितरण: 10 सितंबर 2023 से किया जाएगा
  • आगामी महीनों में भुगतान के लिए नीयत तिथि: हर महीने की 10 तारीख को।

22 अगस्त को संत रविदास मंदिर का भूमि पूजन
सागर जिले में संत रविदास का भव्य मंदिर बनेगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 25 जुलाई से पांच रथ रवाना होंगे। अलग-अलग गांव से मिट्टी और नदियों का जल लेकर सागर पहुंचेंगे। 22 अगस्त को भूमि पूजन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button